इटावा। तीन किशोरों ने मैनपुरी के करहल स्टेशन के पास टेलीकॉम की ढाई मीटर लाइन का तार काट दिया था। इसकी बाजार में करीब 10 हजार रुपये कीमत है। आरपीएफ ने दो दिन में किशोरों को पकड़कर उन्हें रेलवे किशोर न्यायालय बोर्ड में भेजा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें निजी शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
सोमवार को आरपीएफ को सूचना मिली कि इटावा-मैनपुरी ब्रांच लाइन के करहल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे फाटक संख्या आठ और 12 के बीच टेलीकॉम लाइन का तार को अज्ञात लोग काट ले गए। आरपीएफ निरीक्षक दिनेश कुमार के निर्देशन पर टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो तीन किशोर संदिग्ध पाए गए। आरपीएफ ने तीनों किशोरों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने केबल चोरी की घटना कबूल दी। उन्होंने बताया कि वह कबाड़ आदि बीनने का काम करते थे।