जसवंतनगर। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सीएचसी फिर सैफई रेफर कर दिया गया। तीन घटनाओं में बाइकें फिसलने से महिला समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
पहली घटना आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित केस्त तिराहे की है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी कन्हैया लाल (65) अपने नाती विवेक की शादी में शामिल होने के लिए झींझक जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक केस्त तिराहे पर पहुंची वह डिवाइडर से टकराकर फिसल गई। हादसे में कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी में उपचार के दौरान हाथ और पैर में फ्रैक्चर पाए जाने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना में फिरोजाबाद निवासी उर्मिला देवी (60) अपने पुत्र सुदामा के साथ बाइक से सिरहोल गांव जा रही थीं। सिरहोल बंबा की पुलिया पर बाइक फिसलने से वह गिरकर घायल हो गईं।
उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के पास हुई। यहां आंशू (24) की बाइक स्लिप हो गई। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गंभीर हालत में उसे सीएचसी से सैफई रेफर किया गया। चौथी घटना तिजोरा गांव की है। रामेंद्री देवी (55) सड़क पार कर रही थीं तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया, यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।