फोटो 22: महिला व टेक्नीशियन से पूछताछ करते सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला। स्रोत:
इटावा। जिला अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए महिला मरीज के देवर व टेक्नीशियन में लात-घूंसे चल गए। टेक्नीशियन ने अभद्रता कर मारपीट करने का आरोप लगाया। सीएमएस तक मामला पहुंचने पर उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टेक्नीशियन से मारपीट करने वाले युवक को थाने ले गई।
बुधवार दोपहर को अड्डा गूलर अशोक नगर भरथना चौराहा निवासी रविता पैरों में दर्द की शिकायत को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। ओपीडी में पर्चा बनवाने के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर में डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा गया था। महिला का कहना है कि जानकारी न होने के कारण वह सीधे एक्सरे रूम पहुंच गई जहां उन्होंने मौजूद टेक्नीशियन राधा बल्लभ से एक्सरे कराने के बारे में पूछा।
महिला का आरोप है कि टेक्नीशियन ने पर्चा देखकर बिना पूरी जानकारी दिए अभद्रता शुरू कर दी और पर्चा फेंक दिया। इसी दौरान महिला का देवर अभिषेक वहां पहुंच गया जो अस्पताल में अपना मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने आया था। उसने टेक्नीशियन को अभद्रता से रोका और शिकायत करने की बात कही तो विवाद बढ़ गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि टेक्नीशियन ने मोबाइल फोन से अभिषेक के सिर पर वार किया, जिससे उसे चोट आई। इसके बाद कमरे में मौजूद अन्य कर्मचारी भी आ गए और अभिषेक के साथ मारपीट की गई। शोर मचाने पर अस्पताल के गार्ड मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के बाद महिला अपने देवर के साथ सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला से शिकायत करने पहुंची।
इसी दौरान आरोपित टेक्नीशियन भी वहां पहुंच गया और महिला व उसके देवर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मोतीझील चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि टेक्नीशियन ने महिला से किसी डॉक्टर से एक्सरे लिखवाने के लिए कहा था।
महिला बिना डॉक्टर के लिखवाए एक्सरे के लिए दबाव बना रही थी। मना करने पर उनके परिजन मारपीट करने लगे। सिविल लाइंस थाना प्रभारी कंद कुमार मिश्रा ने बताया कि तीमारदार से पूछताछ की जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज भी देखे जाएंगे।