इटावा। जिले में डेंगू और टाइफाइड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 241 मरीजों के खून की जांच की गई। इन मरीजों में डेंगू, टाइफाइड और मलेरिया के लक्षण थे।
37 मरीजों की डेंगू की जांच में तीन में डेंगू की पुष्टि हुई। इसी तरह, 106 मरीजों की टाइफाइड जांच में तीन मरीज संक्रमित पाए गए। 98 मरीजों की मलेरिया जांच की गई, लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन सिंह ने गोपियापुर गांव का निरीक्षण किया। वहां एक डेंगू मरीज के घर में फ्रिज के पीछे लार्वा मिला। टीम ने एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कर उसे नष्ट कराया।
स्वास्थ्य टीम ने मरीज के आसपास के घरों की भी पड़ताल की। इस दौरान कहीं और लार्वा नहीं मिला। टीम ने बीमार व्यक्ति को जांच कर दवा दी। साथ ही, घर के आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई। कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमले और पुराने टायरों में जमा पानी हटाने को कहा गया, जिससे संक्रामक बीमारियों से बचा जा सके।