बकेवर थानाक्षेत्र में हाईवे पर बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए
हादसों में साइकिल सवार वृद्ध और कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। गोमती
पेट्रोल पंप के सामने हाईवे पर बने कट पर हुए एक्सीडेंट के करीब एक घंटे
बाद पुलिस के पहुंचने से नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। एसडीएम भरथना ने
भीड़ को समझाकर जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के ग्राम धौरखा निवासी राम औतार दोहरे (65) साइकिल से बकेवर जा रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे गोमती पेट्रोलपंप के सामने हाईवे पर बने कट से कस्बे को जाने के लिए उन्होंने साइकिल को मोड़ा तभी इटावा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कंटेनर गाड़ी ने रामऔतार की साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक गाड़ी समेत भाग गया। साइकिल सवार की मौत के बाद करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। 100 नंबर पर सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की हीलाहवाली से नाराज भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के बाद जेब्रा मोबाइल के सिपाही मौके पर पहुंचे तो लोगों ने सिपाही संतोष एवं होमगार्ड को दौड़ा लिया।
सिपाही और होमगार्ड ने पेट्रोल पंप में घुस कर खुद को बचाया। पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम पीके तिवारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। मृतक के परिजनों को सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। करीब दो घंटे तक हाईवे का यातायात प्रभावित रहा।
दूसरी घटना यहां से करीब पांच किमी दूर हाईवे पर सुनवर्षा के सामने वरुणा पेट्रोलपंप के सामने बने कट पर हुई। कट से मुड़ने के चक्कर में इटावा से कानपुर जा रही कार, ट्रक के सामने आ गई। टक्कर इतनी तेज थी की कार, ट्रक के इंजन में घुस गई। कार में आगे की सीटों पर बैठे दो लोग उसमें फंस गए।
पेट्रोल पंप व ढाबे पर मौजूद लोग कार में फंसे लोगों को निकालने लगे। इसी बीच पहले हादसे के कंटेनर चालक का पीछा करते हुए एसआई सतेंद्र सिंह और एसआई राजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हाईवे पर दोनों तरफ का ट्रैफिक रोका गया और कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया।
दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनकी शिनाख्त इदरीस हुसैन जैदी पुत्र सैयद इफ्तिखार अली (55) वर्ष निवासी ताजगंज आगरा और नावेद अहमद पुत्र एजाज अहमद (27) निवासी ई 377 शहीदनगर आगरा के रूप में हुई। उनके मोबाइल फोन पर आए कॉल से जानकारी मिली कि दोनों कार सवार आगरा से उरई जा रहे थे।