लंबे इंतजार के बाद आखिरकार लायन सफारी में तीन नए मेहमान आ गए। सोमवार रात
गुजरात के जूनागढ़ से दो शेरनी और एक शेर को दो विशेषज्ञ डाक्टर व तीन
कीपरों की टीम लायन सफारी लेकर पहुंची। नए मेहमानों को ब्रीडिंग सेंटर के
कुरनटाइन हाउस व एनिमल हाउस में रखा गया है। अब लायन सफारी में कुल नौ शेर,
शेरनी दहाड़ रहे हैं, जिनमें चार जोड़े हैं।
लायन सफारी के चिकित्सक डा. अरविंद ने गुजरात से तीन शेरों के आने की पुष्टि की है। लायन सफारी में विष्णु व लक्ष्मी नामक शेरों के जोड़े की मौत के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नए शेरों के जोडे़ को सफारी में लाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे।
सोमवार रात आठ बजे दो शेरनी, एक शेर को लेकर लखनऊ जू के निदेशक डा. अनुपम गुप्ता, जूनागढ़ के डॉक्टर सीएन बुहा व कीपर कमलेश, सतेंद्र और लखनऊ के कीपर लायन सफारी पहुंचे। लाए गए शेरों में एक जोड़े का नाम पटौदी व तपस्या है जो लगभग साढे़ तीन-तीन साल के हैं।
जबकि एक शेरनी का नाम जेसिका है। जिसकी उम्र साढे़ छह साल है। जेसिका को एनिमल हाउस में रखा गया है और पटौदी व तपस्या को सफारी के कुरनटाइन हाउस में रखा गया है।
शेरों को दिया जा रहा मिनरल वाटर
इटावा। सफारी आए नए महमानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिस जगह पर शेरों को रखा गया है वहां हीटर लगाकर वातावरण को सामान्य किया गया है। इसके साथ ही शेरों को सादा पानी की जगह मिनरल वाटर दिया जा रहा है। सर्दी से बचाने के लिए एनिमल हाउस को पालीथिन से कवर किया गया है।