बकेवर। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में एक होमगार्ड सहित तीन लोग घायल हो गए। पीड़ितों ने की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहली घटना क्षेत्र के गांव कछपुरा में हुई, जहां आपसी विवाद के चलते तीन लोगों ने एक होमगार्ड को मार पीटकर घायल कर दिया। उक्त गांव निवासी होमगार्ड राघवेंद्र सिंह ने थाने में दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि वह अपनी गाय को चारा डालने के लिए गया था।
तभी रास्ते में उसके ही पड़ोस में रहने वाले पितापुत्र ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। जब उसने गाली देने से मना किया तो इसी बात से नाराज होकर उसने मारपीट की। मारपीट में उसके चोटें आई।
मारपीट होने पर उसके परिवार के लोग बचाने आए तो उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। उधर, बेरी खेड़ा निवासी भारत सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि वह लखना के बाईपास तिराहे के पास पान मसाला की दुकान किए है।
वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी देसी शराब की दुुकान का सेल्समैन व कैंटीन संचालक दुकान पर आकर गालीगलौज करने लगे। जब उसने मना किया तो दोनों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया।
आसपास के दुकानदारों ने उसे बचाया। तीसरी घटना गांव गुलाल पुरा में हुई, जहां आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई।
उक्त गांव निवासी गजेंद्र बाबू ने थाने में दिए पत्र में आरोप लगाया कि रविवार की सुबह वह अपने खेतों पर फसल की सुरक्षा के लिए तारबंदी के लिए डंडे गाढ़ रहे थे, तभी उसके पड़ोस का व्यक्ति आया और डंडे उखाडकर फेंकने लगा।
जब उसने ऐसा करने से मना किया तो मारपीट की। मारपीट में उसके चोटें आई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।