कोतवाल क्षेत्र के तहसील के सामने स्थित दुकान का ताला तोड़कर चोर वहां रखे सिगरेट से भरे गत्ते उठा ले गए। चोरी गए सिगरेट की कीमत तकरीबन तीन लाख रुपये बताई जा रही है। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, इस वारदात से क्षेत्र के दुकानदारों में आक्रोश है। दुकानदारों का कहना है कि कारोबारियों के यहां आए दिन कोई न कोई वारदात हो रही है। पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। शहर के मोहल्ला बरहीपुरा निवासी मोनू जैन पुत्र अशोक कुमार की तहसील के सामने जैन प्रोवीजन स्टोर के नाम से दुकान है। बीती रात वह रोजाना की तरह दुकान बंदकर घर चले गए।
रात में किसी समय चोर मौका पाकर दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे सिगरेट से भरे गत्ते उठा ले गए। अगले दिन सुबह मोनू जैन दुकान पहुंचे तो ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। अंदर जाकर देखा तो सिगरेट के गत्ते व खुले रखे सिगरेट के पैकेट गायब थे।
दुकानदार मोनू के मुताबिक चोरी गए सिगरेट की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। सूचना मिलने पर एसएसआई संजय कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मोनू की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।