ताखा। तहसील मुख्यालय पर जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य को सही और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों को विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह और अनिरुद्ध दीक्षित ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार और मकान से संबंधित सूचनाओं का सही तरीके से संकलन करना बेहद महत्वपूर्ण है।
इसलिए प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने कर्मचारियों को उनके दायित्वों और कार्यक्षेत्र के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही जनगणना के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं, उनके समाधान और लोगों से संवाद स्थापित करने के तरीकों को समझाया। (संवाद)