फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: दो सड़क हादसों में बाइक सवार तीन की मौत, दो घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। अलग-अलग सड़क हादसो में मंगलवार शाम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। पहली घटना में बेकाबू बाइक 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक की मौत और दो लोग घायल हो गए।
विज्ञापन

भरेह थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि मंगलवार रात 10 बजे चकरनगर रोड पर कांयछी गांव से करीब 500 मीटर आगे एक बाइक के खाई में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बाइक के साथ घायल पड़े दो युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। उन्हें सीएचसी राजपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कल्याण गुर्जर (33) निवासी ग्राम नीमरी थाना सहसों और सुमित चौहान (26) निवासी ग्राम तेजपुर थाना चकरनगर के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त हैं और किसी काम से चकरनगर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
दूसरी घटना सहसों थाना क्षेत्र में हुई। बिठौली थाना क्षेत्र के पुराखेरा गांव निवासी माता प्रसाद त्यागी (54) अपनी ससुराल सहसों थाना क्षेत्र के भोया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। उनके साले भृगभान की पुत्री सपना की बरात छह मई को रितौर की मड़ैया से आनी थी। सोमवार शाम माता प्रसाद त्यागी अपनी भतीजी सुरचना (15) पुत्री भृगभान और भतीजे राहिल (12) पुत्र संतोष के साथ बाइक से हनुमंत चौराहा पर शादी की खरीदारी करने गए थे। लौटते वक्त भोया गांव के पास अर्रुपुरा सड़क पर एक खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी जिससे उनकी बाइक टकरा गई।
विज्ञापन

तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। माता प्रसाद त्यागी और राहिल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया जबकि सुरचना को हल्की चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद माता प्रसाद त्यागी को मृत घोषित कर दिया। राहिल का इलाज जारी है। जैसे ही माता प्रसाद की मौत की खबर शादी वाले घर पहुंची वहां मातम छा गया। पुलिस बिठौली पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें