गांव धरवार में रविवार देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने तीस तोला सोना और नगदी चोरी कर ली। घटना के समय घर के सभी लोग सो रहे थे। चोरों ने बड़ी सावधानी से अलमारी का ताला तोड़ा और जेवर, नगदी ले गए। पुलिस सूत्रों ने घर के किसी सदस्य की संलिप्तता से भी इंकार नहीं किया है।
सूचना पर पहुंचे डाग स्क्वायड के साथ फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण किया। हालांकि पुलिस कोई सुराग नहीं जुटा सकी।
गृह स्वामी मुनीम सिंह यादव पुत्र नाथूराम निवासी ग्राम धरवार के संपन्न किसान हैं। रात 11 बजे के बाद परिजन सोने चले गए। मुनीम सिंह भी घर के बाहर दरवाजे पर चारपाई पर सो गये।
सुबह 6 बजे मुनीम सिंह का पुत्र उपेंद्र कोचिंग के लिये जा रहा था, उसे कुछ रुपयों की जरूरत थी। जिसके चलते उसने अपनी मां से रुपये मांगे तो उन्होंने अलमारी में से रुपये लेने की बात कही। उपेंद्र ने परिजनों को अलमारी का ताला टूटा होने की जानकारी दी।
बेटे की सूचना पर मां पिता ने अलमारी के अंदर रखे स्टील के बर्तन को देखा तो सन्न रह गए। गृहस्वामी मुनीम सिंह के अनुसार अलमारी के अंदर एक स्टील के बर्तन में सोने की करधनी, दो कॉलर, एक जोड़ी दस्ताने ,छल्ला, आठ अंगूठी ,तीन जोड़ी झुमके ,एक जोड़ी टॉप्स तथा सात हजार की नगदी रखी हुई थी।
बकौल मुनीम चोरों ने 30 तोले सोने के जेवरात तथा नगदी पार कर दी। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। गृह स्वामी की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी हरीशंकर ने बताया की जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।