भरथना। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के ठेकेदार के बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठेकेदार ने अज्ञात द्वारा साइबर क्राइम के माध्यम से धोखाधड़ी कर रुपये गायब कर देने का हवाला देते हुए पुलिस से शिकायत की है।
झारखंड के जिला लातेहार के गांव नावाडीह निवासी उमेश तुरी पुत्र दिगदार तुरी ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। बताया कि वह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पेटी ठेकेदार के रूप कार्य करता है। इसके चलते भरथना क्षेत्र के गांव पक्का तालाब में निवास करता है। उसने बताया कि उसका लातेहार स्थित आईडीबीआई बैंक में बचत खाता है। गत 12 नवंबर को उसके खाते में लगभग 80 हजार रुपये थे। 13 नवंबर को 15-15 हजार कर 60 हजार 118 रुपये कटने का फोन पर मैसेज आया, जबकि उसने कोई लेन-देन नहीं किया था। पीड़ित ने किसी अज्ञात द्वारा साइबर क्राइम के माध्यम से धोखाधड़ी कर बैंक से रुपये गायब करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।