फोटो संख्या 16 इसी टिनशेड से होकर ऊपर की मंजिल पर चढ़े थे चोर
- फोटो : ETAWHA
बकेवर (इटावा)। कस्बे में सोमवार रात लखना रोड पर हार्डवेयर कारोबारी के घर चोरी करने के लिए घुसे बदमाश को व्यापारी की पुत्री ने दबोच लिया। हड़बड़ाहट में उसके दोनों साथी सामान छोड़कर भाग निकले। घटनास्थल से थाना मात्र आधा किमी दूर है, इसके बाद भी पुलिस सूचना के 45 मिनट बाद पहुंची।
बकेवर में लखना रोड पर बंबिया के पास मुनु तिवारी की पाइप एवं हार्डवेयर की दुकान है। यह दुकान उसके मकान के निचले हिस्से में है। तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मुनु तिवारी का परिवार रहता है। इसी मंजिल के छज्जे के आगे दुकान का टिनशेड पड़ा है। चोर रात करीब सवा 12 बजे इसी टिनशेड के सहारे मकान में पहुंचे। बदमाश फोन कर अपने अन्य साथियों को बुलाने लगे। इसी दौरान मुनु तिवारी की विवाहिता पुत्री लवली ने फुसफुसाहट सुनी और उठकर आई। छज्जे के अंदर तीन चोरों को फोन करते देखा। लवली ने दो बदमाशों को दबोच लिया और चिल्लाने लगी।
इस पर मुनु तिवारी व उनके परिजन मौके पर आ गए। इसी दौरान लवली द्वारा दबोचे गए दो में से एक अपने को छुड़ाकर भाग निकला। एक अन्य साथी छज्जे के रास्ते ही टिनशेड से सड़क पर कूदकर भाग निकले। पकड़े गए बदमाश की सूचना व्यवसायी के पुत्री ने यूपी 112 पर दो बार सूचना दी। उसने बताया कि करीब पौने घंटे बाद डेढ़ बजे यूपी 112 पुलिस व बकेवर थाना की लखना चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। व्यवसायी के परिजनों ने दबोचे गए बदमाश को पुलिस को सौंप दिया। भाग रहे बदमाशों के दो मोबाइल फोन, चार्जर, चप्पलें व एक सरिया का टुकड़ा वहीं छूट गए थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी अंजन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी कोई प्रार्थनापत्र नहीं मिला है। पकड़ा गया बदमाश भरथना का बताया जा रहा है, उसके व उसके साथियों का पता किया जा रहा है।
फोटो संख्या 17 भागे चोरों के मोबाइल के चाजर्र आदि सामान- फोटो : ETAWHA
इटावा से बहादुर बेटीः व्यवसायी की पुत्री लवली जिसने चोर को दबोचा। - फोटो : ETAWHA
फोटो संख्या 19 दबोचा गया चोर- फोटो : ETAWHA