फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के कोकपुरा में कोचिंग पढ़ने गए छात्र के साथ कुछ दबंगो ने मारपीट की। जानकारी होने पर छात्र का भाई उसे बचाने आया तो दबंगों ने फायरिंग कर दी। एक गोली छात्र के भाई के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। दबंग धमकी देते हुए फरार हो गए। युवक को घायलावस्था में जिला अस्पताल लाया गया।
कोकपुरा निवासी वीरू ने बताया कि वुधवार की शाम को जिम गया था। उसका छोटा भाई सचिन जिम के पास ही में संचालित कोचिंग सेंटर पर पढ़ने के लिए गया था। कोचिंग पढ़ने के बाद उसका भाई कोचिंग से बाहर निकला तभी आधा दर्जन के करीब युवकों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।
शोर सुनकर वह बाहर निकला तो युवक उसके भाई के साथ मारपीट कर रहे थे। यह देखकर वह उसे बचाने के लिए गया तो युवकों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। विरोध करने पर युवकों ने फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली उसकी जांघ में लगी जिससे वह गिर पड़ा । उसके गोली लगते ही युवक धमकी देते हुए फरार हो गए।
उसका कहना था कि वह युवकों को नहीं पहचानता। गोली की आवाज सुनकर अन्य लोग आ गए और उसे जिला अस्पताल ले गए। सीओ सिटी शिवराज सिंह ने बताया कि पुलिस फायर करने वालों की तलाश कर रही है।