बकेवर। मोहल्ला गांधी नगर में सोमवार सुबह युवक ने सिर पर कुल्हाड़ी मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया। आनन-फानन में उसे 50 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शराब के आदी व मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य व कुल्हाड़ी बरामद की है। युवक अपने चाचा के घर पर रहता था।
सोमवार सुबह सात बजे बकेवर कस्बा के गांधी नगर मोहल्ला निवासी राजेश कुमार तिवारी उर्फ कल्लू ने आत्महत्या के उद्देश्य से सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर खुद को लहूलुहान कर लिया। चाचा संतोष की पुत्री ऊपर गई तो खून से लथपथ चचेरे भाई राजेश को पड़ा देख वह चीख पड़ी। थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक ने मौके पर पहुंच घायल युवक को 50 शैया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। चाचा ने बताया कि राजेश बीते कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। रविवार को भी उसने अपने पैर के अंगूठे पर हमला कर खुद को घायल कर लिया था।
चाचा ने बताया कि उन्होंने पहले ही मकान और खेत की जमीन राजेश के नाम कर दी थी। इसके बावजूद वह आए दिन विवाद करता था। पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन मामले को शांत करवा दिया गया था। घटना की सूचना के बाद सीओ भरथना आरडी मौर्य थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक कस्बा इंचार्ज विनीत पांडेय व लखना चौकी प्रभारी अंकित कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने खुद पर हमला कर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश की शादी करीब दो वर्ष पूर्व झारखंड निवासी रानी के साथ हुई थी लेकिन शादी के महज एक महीने बाद ही पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी और तब से वह ससुराल नहीं आई। इस दौरान राजेश ने उसे बुलाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह राजेश के शराब पीने के रवैये की वजह से लौटकर नहीं आई। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।