थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुरसैना के सामने रविवार को हाईवे पर घर से दवा लेने निकली महिला को ट्रक ने रौंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। एसडीएम जसवंतनगर हंसराज यादव के आश्वासन पर लगभग दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
ग्राम जालिमगढ़ी थाना जसवंतनगर निवासी अमर सिंह की पत्नी सीता देवी (35) अपने गांव से दवाई लेने के लिए ग्राम कुरसैना जा रही थी। करीब साढ़े 11 बजे आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद डाला। हादसे की खबर लगते ही आसपास के गांव के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा कर हाईवे पर जाम लगा दिया।
देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर सीओ जसवंतनगर विनय चौहान, एसओ नासिर अली पहुंच गए, उनके समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने और डीएम को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करने लगे। इसके बाद एसडीएम जसवंतनगर मौके पर आए, उन्होंने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिवारजनों को लाभ दिलवाने तथा कृषक बीमा योजना के तहत लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लगभग दो घंटे तक दोनों ओर का ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। घटना के बाद एसडीएम से श्रीचंद्र यादव, रनवीर सिंह, रामवीर, दिलजाद, मेंबर अली, अमर सिंह, शकील तथा विनोद कुमार ने स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग की।