फोटो संख्या 18-पेंशन न मिलने से परेशान माया देवी को समझाते सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह
- फोटो : ETAWHA
पेंशन न मिलने से परेशान माया देवी बुधवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित बीएसए कार्यालय के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।
उसके आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना पाकर पहुंचे नगर पालिका कर्मी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर माया देवी को समझाकर टंकी से नीचे उतारा। साथ ही उसे पेंशन के लिए कार्रवाई करने का भरोसा देकर शांत भी कराया।
फ्रेंड्स कॉलोनी के गांधीनगर निवासी माया देवी दोपहर में बीएसए कार्यालय के पास स्थित पानी की टंकी के पास पहुंची। फिर गेट खुला पाकर वह टंकी के ऊपर चढ़ गईं।
एक नगर निगम कर्मचारी ने उसे टंकी से नीचे उतारने का प्रयास किया। जब वह टंकी के उतरने को राजी नहीं हुई, तो पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह व सदर कोतवाली पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी माया देवी को टंकी से नीचे लेकर आने में कामयाब हो सके।
। माया ने बताया कि पति रामस्वरूप फौज में नौकरी करते थे। उनका देहांत होने के बाद से उसे विधवा पेंशन मिल रही थी। किसी कारणवश उसकी पेंशन बंद कर दी गई। इसकी वजह से उसे जीवन गुजर करने में परेशानी हो रही है। इसके चलते वह पानी की टंकी में आत्महत्या करने के लिए चढ़ी थी।
सीओ सिटी ने बताया कि महिला को पानी की टंकी से नीचे उतारने के बाद दरोगा यशोदा रानी व महिला सिपाही के साथ उसे घर भेजा गया है।