सैफई। आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह चार नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले हेल्थस्पार्क्स-2026 राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रमुख वक्ताओं में शामिल होंगे। गोमती नगर स्थित ताज पैलेस में होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे।
सम्मेलन में निवारक जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य क्षेत्र में अनुसंधान व नवाचार पर चर्चा होगी। इसमें क्षय रोग, हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी रोग, रूमेटोलॉजी, स्त्री रोग और मुख कैंसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह की सहभागिता से चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण रोगी सेवाओं के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की भूमिका को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान होगा। साथ ही, रोगों की समय रहते पहचान, स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर उपचार के लिए प्रभावी रणनीतियों पर भी मंथन किया जाएगा। संवाद