सफर के दौरान अचानक दो यात्रियों की तबियत बिगड़ने पर एक बार फिर दो ट्रेनों को इटावा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। रेलवे के डाक्टर ने बीमार यात्रियों के स्वास्थ की जांच कर उन्हें दवाई दी। इस दौरान रिवर्स शताब्दी 20 मिनट और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस लगभग आधा घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रहीं।
गुरुवार सुबह कानपुर- नई दिल्ली रिवर्स शताब्दी के कानपुर स्टेशन से चलने के बाद कोच नंबर सी-9 में सवार 60 वर्षीय डी कौर की तबियत बिगड़ गई। कंट्रोल को इसकी सूचना टीटीई ने दी। इसके बाद ट्रेन को इटावा स्टेशन पर आठ बजकर 11 मिनट पर रोका गया। रेलवे के डाक्टर ने कोच में पहुंचकर वृद्धा के स्वास्थ्य की जांच कर दवाई दी।
इस दौरान ट्रेन 20 मिनट तक इटावा रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। दूसरी घटना स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में हुई। ट्रेन के कोच नंबर एस-7 में सोनपुर से सवार अनिल कुमार पुत्र भागीरथ को अचानक उल्टी- दस्त होने लगे। सह यात्रियों ने इसकी सूचना टीटीई को दी। टीईटी ने टूंडला कंट्रोल को सूचना दी।
इसके बाद ट्रेन 11 बजकर 05 मिनट पर इटावा स्टेशन पर रोकी गई। रेलवे के डाक्टर ने कोच में पहुंचकर बीमार यात्री का इलाज किया। इस दौरान आधा घंटे तक स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस इटावा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।