फोटो 5 : एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में की गई मांग की जानकारी देते भाई के साथ सूबेदार रामू तिवारी। संवाद
-लवेदी बसैयाहार गांव में आठ मार्च को हुई थी घटना
-जांच कर रही पुलिस, एसओजी या क्राइम ब्रांच से जांच की मांग
संवाद न्यूज़ एजेंसी
लवेदी। क्षेत्र के गांव बसैयाहार में 20 दिन पहले हुई चोरी के मामले में फौजी के परिवार ने एसएसपी से विवेचक बदलने की मांग की है। आरोप है कि विवेचक चोरों को पकड़ने के बजाय, पीड़ित परिवार पर ही संदेह प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच क्राइम ब्रांच या एसओजी से कराए जाने की मांग की।
बसैयाहार गांव में जम्मू कश्मीर में सूबेदार पद पर तैनात रामू तिवारी का परिवार रहता है। उन्होंने अपने भाई राजीव तिवारी के साथ एसएसपी को विवेचक बदलने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि आठ मार्च की रात चोरों ने उनके घर से जेवर और नकदी पार की थी। चोर पड़ोसी की छत से उनकी छत पर आए थे और जीने के रास्ते उन्होंने बंद घर में अलमारी और अन्य सामान खंगाल कर कीमती आभूषण और रुपये चोरी कर लिए थे।
सुबह घर जाने पर यह पता चला। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई लेकिन उसकी जांच गंभीरता से नहीं की जा रही है। पुलिस की विवेचना में परिवार के लोगों पर ही शक किया जा रहा है। उनके मोबाइल भी रख लिए गए थे।