इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर ओवरटेक को लेकर कार और बाइक सवार युवकों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल आरोपी चिह्नित किए हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी लेकिन वह घर पर नहीं मिले। वहीं, घटनास्थल के पास पीड़ित का मोबाइल व क्रेडिट कार्ड मिला है, जिसे थाने में जमा करवा दिया गया है।
शनिवार दोपहर को यह घटना किल्ली गांव और रिटौली पुलिया के बीच हुई थी। कार सवार युवकों ने आरोप लगाया था कि बाइक सवार तीन युवकों ने कार रोककर फायरिंग की, मारपीट की और नकदी व मोबाइल छीन लिया था। शिकायत करने वालों में बरालोकपुर निवासी मोहित कुमार, ऊंझा झाली निवासी उज्ज्वल सिंह, नगला खेमी निवासी उत्कर्ष, सुल्तानपुर निवासी धर्मवीर (राज्य कर विभाग में वरिष्ठ सहायक) तथा कुकरकाट निवासी विकास यादव शामिल थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार सवार युवक शराब पीने के बाद रिटौली की ओर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार युवकों से ओवरटेक को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाइक सवारों ने कार पर पत्थर फेंक दिए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। थानाध्यक्ष बसरेहर सौरभ सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर कार पर पत्थर लगने के निशान मिले, लेकिन फायरिंग का कोई सबूत नहीं मिला था। मेडिकल जांच में कार सवार पांचों युवक शराब के नशे में मिले थे।
इसके बाद कार सवारों ने शनिवार देर शाम थाने में तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मारपीट और मोबाइल गुम होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। रविवार को मोहित कुमार के भाई ने मोबाइल घटनास्थल पर मिलने की बात कहकर थाने में जमा करा दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर चिह्नित आरोपियों के घरों पर पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने जल्दी आरोपियों को पकड़ने की बात कही है।