भरथना-ऊसराहार मार्ग जर्जर होने से खफा आढ़तियों ने
दुकानें बंद कर मंडी सचिव कार्यालय का घेराव किया। इनका कहना है कि सड़क
जर्जर होने के कारण किसान और व्यापारी यहां नहीं आते।
इससे उनका कारोबार चौपट हो रहा है।
स्थानीय मंडी समिति के आढ़तिया संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों आढ़तियों ने शुक्रवार को दुकानें बंद रखी।
आढ़तियों
ने मंडी सचिव कार्यालय का घेराव किया। आढ़तियों ने मंडी सचिव को बताया कि
भरथना-ऊसराहार मार्ग जर्जर हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए
हैं।
इन गड्ढों में अनाज लदे ट्रैक्टर, ट्रक, पिकप, लोडर आदि वाहन
अक्सर फंसकर जाते हैं। कई वाहनों के तो एक्सल भी टूट जाते हैं। साथ ही
गाड़ियां पलटने से हादसे का डर रहता है। इस कारण लखना, बकेवर, ऊसराहार,
महेवा, अजीतमल, निबाड़ी आदि गांव के किसान और व्यापारी मंडी में अनाज लाने
से कतराते हैं।
ये अपना अनाज अन्य मंडियों में बेचते हैं। इस कारण
आढ़तियों को नुकसान तो होता ही है। साथ ही स्थानीय कृषि उत्पादन मंडी समिति
को भी शुल्क का नुकसान होता है।
आढ़तियों ने मंडी सचिव से सड़क
बनवाने की मांग की। मंडी सचिव मुकेश यादव ने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि
धान की फसल मंडी में आने से पहले मंडी मार्ग पर मौजूद गड्ढों को भर दिया
जायेगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेज दिया गया
है।
जल्द ही मार्ग का निर्माण होगा। इस मौके पर रामप्रकाश,
अनोखेलाल, दीपू यादव, सुरेश चंद्र, शिवराज सिह यादव, अमर चंद्र पोरवाल,
महेश चंद्र, हरि प्रकाश, मुकेश कुमार, उदयवीर, रघुवीर सिंह, रामसेवक,
दयाराम भी मौजूद रहे।