चोरों ने सोमवार की रात शहर के तीन स्थानों पर वारदातें करके सनसनी फैला दी। उन्होंने एक दुकान तथा दो मकानों के ताले तोड़कर करीब तीन लाख का माल पार कर दिया।
पहली चोरी इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोकनगर की गली नंबर आठ में हुई। यहां के महेंद्र पाल सिंह पुत्र रामसेवक अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव भरथना थाने के विवौली गए थे। चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर नकदी-जेवर पार कर दिए।
मंगलवार को सुबह महेंद्र पाल वापस लौटे तो मकान के ताले टूटे देख दंग रह गए। महेंद्र ने बताया कि चोर 68 हजार रुपये, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, करधनी पायलें तथा पीतल के बरतन, पंखे, साइकिल सहित करीब दो लाख का सामान चुरा ले गए हैं।
चोरों ने दूसरी वारदात अड्डा टीला में की। यहां हृदयेश पुत्र राम बहादुर के सूने मकान के ताले तोड़कर बक्सों में रखा सामान पार कर दिया। हृदयेश कुमार ने बताया कि चोर उनके घर से सोने की जंजीर, अंगूठी, कुंडल, टीवी, साइकिल कपडे़ सहित करीब एक लाख का माल ले गए हैं। सूचना पर आई इकदिल थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तीसरी वारदात सिविल लाइन क्षेत्र में मोती झील चौराहे पर स्थित बियर की दुकान में हुई। चोरों ने दुकान में नकब लगाकर दो पेटी बियर तथा ढाई हजार रुपए पार कर दिए। घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है।