बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महेवा कस्बे के बहेडा तिराहे के पास से
बोलेरो सवार बदमाशों ने एक रिटायर्ड शिक्षक से 53 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शिक्षक को मुरादगंज के पास चलती बोलेरो
से फेंककर फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शिक्षक को मुरादगंज के पास चलती बोलेरो से फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने वापस आकर घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मामला औरैया के मुरादगंज का बताकर उन्हें वहां भेज दिया।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव लीटेपुरा निवासी रिटायर्ड शिक्षक शिवपाल सिंह परिहार ने औरैया में एक प्लाट खरीदा है। प्लाट का बैनामा कराने के लिए वह गुरुवार को अपने भतीजे बेदवीर सिंह पुत्र गजेंद्र सिंह के साथ औरैया जाने के लिए निकले थे। बेदवीर के मुताबिक उसके पास ढाई लाख रुपये व ताऊ शिवपाल के पास 53 हजार रुपये थे।
वह दोनों सवारी के इंतजार में बहेडा तिराहे पर खडे़ थे, इसी बीच इटावा की ओर से एक बोलेरो आकर रुकी और औरैया चलने के लिए कहा। बोलेरो में पहले से चालक समेत पांच लोग सवार थे। भाड़ा तय होने के बाद बोलेरो सवार लोगों ने शिवपाल को बीच वाली सीट पर बैठाया और बेदवीर भी पईछे बैठने को कहा।
बेदवीर जैसे ही पीछे की ओर चला तभी चालक ने गाड़ी भगा दी। बोलेरो के जाने के बाद बेदवीर दूसरी सवारी गाड़ी का इंतजार करने लगा। इसी बीच बोलेरो में सवार लुटेरों ने शिवपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके पास से 53 हजार रुपये लूट लिए। बाद में लुटेरों ने उन्हें चलती कार से मुरादगंज के पास फेंक दिया और फरार हो गए।
लूट का शिकार हुए शिवपाल किसी तरह से वापस महेवा लौटे और घटना की जानकारी लोगों को दी। उसके बाद वह बकेवर थाने गए और लूट की जानकारी दी। पुलिस ने मामला औरैया का बताकर उन्हें वहां भेज दिया। लूट का शिकार हुए शिक्षक औरैया के मुरादगंज पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। शिवपाल ने बताया कि बोलेरो में पांच लोग सवार थे यदि उनका भतीजा भी उसमें सवार हो जाता तो लुटेरे उसके पास मौजूद रुपये भी लूट ले जाते। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज कर ली है।