इटावा। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के पिलुआ मंदिर के पास बुधवार रात नोएडा जा रहे युवक को हिस्ट्रीशीटर चचेरे भाई ने साथियों के साथ उसका रास्ता रोक फायरिंग कर कार में आग लगा दी थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था जबकि हिस्ट्रीशीटर 48 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसके बार-बार लोकेशन बदलने से वह पुलिस को चकमा देने में अभी तक कामयाब रहा है। हालांकि पुलिस उसे जल्द ही पकड़कर जेल भेजने का दावा कर रही है।
थाना सिविल लाइंस के रूरा गांव निवासी सोनू राजपूत नोएडा में ओला टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता हैं। सोनू राजपूत बुधवार रात करीब आठ बजे नोएडा के लिए घर से निकाला। पिलुआ मंदिर के पास उसके चचेरे भाई हिस्ट्रीशीटर बौना उर्फ गंगा प्रसाद उर्फ सूरज ने अपने करीब छह साथियों उसका रास्ता रोक लिया और बिना वजह रुपये मांगने लगा। रुपये देने से इन्कार करने पर उसने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी।
कई राउंड फायरिंग होने पर क्षेत्र के लोग सहम गए। सोनू राजपूत जान बचाकर गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। वहीं, हिस्ट्रीशीटर बौना उर्फ गंगा प्रसाद उर्फ सूरज ने साथियों के साथ मिलकर उसकी कार में पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। इससे कार धू-धू कर जलने लगी। सूचना पर एसआई संजय सिंह पुलिस बल के पास पहुंचे तो आरोपी भाग गए। बाद में पुलिस ने दबिश देकर ब्रह्मा व भूरा को पकड़ लिया।
पीड़ित सोनू राजपूत ने सुबह थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर बौना की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। उसके बार-बार लोकेशन बदलने से उसे पकड़ने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।