बजरिया में दो पोल टूटने से गहराया बिजली संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बारिश थमते ही गर्मी अपना प्रकोप दिखाने लगती है। शनिवार की शाम व रविवार को लगभग पूरे दिन बारिश होने से गर्मी से राहत मिलने के बाद सोमवार को लोगों को फिर से गर्मी से परेशान होना पड़ा। सोमवार को सुबह से आसमान खिला होने की वजह से पूरे दिन तेज धूप रहने से लोगों को फिर से गर्मी सताने लगी। सबसे ज्यादा परेशानी स्टेशन बजरिया क्षेत्र में दो बिजली पोल टूटने की वजह से हुई, जिससे स्टेशन बजरिया व चौगुर्जी के लोगों को करीब सात घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा।
अवर अभियंता राज कमल के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे टूटे पोल को सही करने का काम चल ही रहा था कि एक ओर पोल टूट गया। इस वजह से कार्य में देरी होने की वजह से पोल लगाने के बाद तीन बजे के बाद बिजली बहाल हो सकी। बिजली बाधित होने की वजह से स्टेशन बजरिया व चौगुर्जी क्षेत्र की बिजली बाधित रही। ऐसी स्थिति में लोगों के सबमर्सिबल न चल पाने की वजह से पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। साथ ही लगभग पूरे दिन भीषण गर्मी की वजह से परेशान होना पड़ा।
रविवार को मौसम का रुख देखकर लगा नहीं कि अगले दिन बारिश का दौर थमते ही गर्मी अपना प्रकोप फिर से दिखाने लगेगी। लेकिन पूरे दिन के हालात से लोगों को गर्मी की वजह से परेशान होना पड़ा।
..................................................................
नशा मुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाया
इटावा। औषधि निरीक्षक व इटावा कैमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सोमवार को नशा मुक्ति विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही कभी न नशा करने की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय, एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा, महामंत्री मन्नू गुप्ता, संरक्षक उमाकांत जैन, नवीन मल्होत्रा आदि लोग उपस्थित रहे। (संवाद)
..............................................