इटावा। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एआरटी कार्यालय से स्कूल बस एवं टूरिस्ट बसों की फिटनेस कराना अनिवार्य किया गया था। मार्च माह तक सभी बसों की फिटनेस का कार्य पूरा करना था। इसके बाद भी अभी तक 400 टूरिस्ट बसों की फिटनेस अधर में लटकी है। टूरिस्ट बसों के मालिकों को नोटिस जारी करने के बाद भी वह ध्यान नहीं दे रहे हैं। बसों की संख्या करीब 900 है, जिसमें 300 स्कूल बस हैं और 400 के करीब टूरिस्ट बसें शामिल हैं। इसमें स्कूली बसों की फिटनेस हो चुकी है ,जबकि टूरिस्ट बसों की फिटनेस अभी भी शेष बनी हुई है। बताया गया कि इसमें मात्र 25 से 30 टूरिस्ट बसों की फिटनेस हुई है।
कन्नौज में टूरिस्ट बस हादसे के बाद 22 जनवरी 2020 को स्कूली बस समेत टूरिस्ट बसों की फिटनेस के लिए आरआई विवेक खरवार ने सभी बसों के मालिकों को फिटनेस के लिए नोटिस जारी कर किए थे। इसके बाद भी करीब दो माह बीतने के बाद भी टूरिस्ट बस मालिकों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। मार्च माह में इन सभी बसों की फिटनेस पूरी करनी थी जो कि अभी भी अधर में लटकी हुई है। बसों के मालिक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे यात्रियों के जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस मामले में आरआई विवेक खरवार ने बताया कि बस मालिको को उनकी ओर से नोटिस जारी किया गया था, लेकिन टूरिस्ट बसों की फिटनेस नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि जिन बस मालिकों ने फिटनेस नहीं कराई है वह अपनी बसों की फिटनेस जल्द से जल्द करा लें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।