अस्पताल में पति के साथ घायल रिंकी
- फोटो : ETAWHA
ऊसराहार। क्षेत्र में घूम रहे बेखौफ बदमाश वारदात पर वारदात करते जा रहे हैं, पुलिस सिर्फ लकीर पीटकर ही रह जा रही है। क्षेत्र में एक ही तरह से चार दिनों के अंदर दूसरी लूट की वारदात हो गई। थानाक्षेत्र के खिलचीपुरा गांव के पास बेखौफ बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को रोककर दिनदहाड़े लूटपाट की।
विरोध करने पर महिला को तमंचे के बट से पीटकर लहूलुहान कर दिया। इस दौरान महिला चीखती रही लेकिन आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तमाशबीन बने रहे। घटना की सूचना पाकर एसपी ग्रामीण और सीओ मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
भरथना के कुअरा गांव निवासी विपिन कुमार पत्नी रिंकी और तीन साल के बेटे यश के साथ बाइक से मैनपुरी जा रहे थे। ऊसराहार के खिलचीपुरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बाइक रोकते ही एक बदमाश ने रिंकी के गले की चेन खींच ली। उसने विरोध किया तो सभी बदमाशों ने मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी अंगुठी और कान के टप्स भी उतरवा लिए। पीड़ित दंपति ने बताया कि आसपास खेत में काम कर रहे लोगों को देख रिंकी ने मदद की गुहार लगाई लेकिन कोई आगे नहीं आया।
लूटपाट के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पुलिस को सूचना न दे सकें इसलिए बदमाशों ने उनका फोन भी लूट लिया था। बदमाशों के जाने के बाद विपिन ने एक राहगीर के फोन से पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो काफी छानबीन के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा। सीओ भरथना चंद्र पाल का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।