बकेवर/लवेदी। लवेदी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो लुटेरों ने मरीज को लाने के बहाने ऑटो बुक किया। इसके बाद चालक को पिटाई कर ऑटो और रुपये लेकर भाग निकले। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
भरथना कस्बा के राजगंज निवासी प्रीती ने बताया कि उसके ऑटो चालक पति राजू शुक्रवार रात बकेवर बाईपास चौराहे पर ओबरब्रिज के नीचे ऑटो लिए खड़े थे उसी समय दो लोग आए और पति से मरीज को लाने की बात कहकर ऑटो दो सौ रुपये में बुक किया। ऑटो जैसे ही लखना नबादा मार्ग पर गांव से करीब एक किमी पहले बने ब्रह्मदेव स्थान के सामने पहुंचा कि उसी समय दोनों युवकों ने ऑटो में ही चालक को पीटना शुरू कर दिया।
पास में पड़ी ईंट उसके सिर पर मारकर मरणासन्न कर दिया और ऑटो व दिन भर के कमाई के रुपये लूटकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को 50 अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि बकेवर बाईपास चौराहे, लोगों के प्रतिष्ठानों व चौकी पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले गए हैं। इससे दो लुटेरे ऑटो में बैठते दिख रहे हैं। इनकी पहचान कराने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही लुटेरों को जल्द पकड़कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।