इटावा। शहर के रामलीला रोड स्थित बीएम पब्लिक स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। बच्चों ने मनोहारी नृत्य की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जेपी राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ साथ प्रतिभा विकास की अति आवश्यकता होती है। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्या चंद्रमुुखी दुबे ने भी कार्यक्रम की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्रनाथ ने अतिथियों का परिचय कराया तथा विद्यालय की भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।
एबीएसए सरला वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपने कार्यक्रमों से वास्तव में मंत्र मुग्ध कर दिया। विद्यालय की निदेशिका दिनेश कुमारी ने मुख्य अतिथि को प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना से हुई। बच्चों ने श्री गणेशाय नम:, पंडित जी धुनाई, तुलसीदास के दोहे, कालिया नाग, तांडव नृत्य आदि की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया।
विद्यालय की छात्रा विधि सिंह ने प्रेम रतन धन पायो गीत पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीत पर चांसी, शिवानी, महिमा, अंजली, नंदनी व वैष्णवी ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। रेशम का लोकगीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत हुआ। इसके अलावा खुशी, आदित्य, अनुज, पंकज, आयुषी व प्रिंस ने कालिया के फन पर नृत्य प्रस्तुत किया। तृषा, पाखी व प्रिया ने रात सपने में आया श्याम गीत पर नृत्य किया।
केजी प्रथम के अंशुमान ने इंग्लिश कविता प्रस्तुत की। खुशबू, अनुज, सांझ, जितेंद्र, सुहानी, रिषभ ने कव्वाली का प्रस्तुतीकरण किया गया। जितेंद्र, आयुष, अनुज ने श्रीगणेशाय नम: गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया।
इससे पूर्व प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य अजय कुमार व अमित कुमार ने रोली चंदन लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या स्तुति सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन क्षमा मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रियंका अग्रवाल, प्रियंका प्रजापति, विकास, सोनिया, राधा, अंजू, रागिनी, स्नेहा, शिखा व सृष्टि का सराहनीय योगदान रहा।