फोटो: 5 ईकरी रोड पर नगला खजरी के पास लगा संकेतक। संवाद
लवेदी। लोक निर्माण विभाग खंड-एक की ओर से सड़क किनारे लगाया गया संकेतक राहगीरों और वाहन सवारों के लिए परेशानी बना है। संकेतक पर गलत दिशा में तीर (एरो) लगा होने से बकेवर और कानपुर जाने वाले राहगीर भ्रमित हो रहे हैं। कई लोग संकेतक पर बने तीर को देखकर गलत दिशा में मुड़ जाते हैं और कई किमी तक आगे निकल जाते हैं। रास्ते का पता चलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ता है।
लवेदी के ईकरी रोड पर नगला खजरी के पास लगा संकेतक पर जहां बकेवर लिखा है व लवेदी की ओर जाने का गलत रास्ता बता रहा है। इसी प्रकार से कानपुर को जाने के लिए बना तीर का निशान परशूपुरा इटावा जाने की ओर बना है। ऐसे में लोग भ्रमित होकर गलत रास्ते पर कई किमी तक चले जाते हैं। फिर उन्हें वापस लौटना पड़ता है।
पहाड़पुर के रानू व बाबू ने बताया कि क्षेत्र से रोजाना बड़ी संख्या में लोग बकेवर और कानपुर की ओर से आते-जाते हैं। बाहर से आने वाले राहगीर संकेतक पर भरोसा कर गलत रास्ते पर चले जाते हैं। इससे उनका समय भी बर्बाद होता है। रात के समय परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि संकेतक राहगीरों की सुविधा के लिए लगाया गया है, लेकिन गलत दिशा दर्शाने से इसका उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर संकेतक की दिशा तत्काल सही कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों को भटकना न पड़े।
वर्जन
कर्मचारियों की लापरवाही के चलते संकेतक पर एरो (तीर) उल्टी दिशा में लगा दिया गया है। क्रेन उपलब्ध न होने के कारण अभी तक संकेतक को सही नहीं किया जा सका है। जल्द ही गलत दिशा में लगे तीर के निशान को ठीक कराया जाएगा।
- हिंद मोहन, जेई पीडब्ल्यूडी