ऊसराहार। करीब सप्ताह भर पूर्व गांगसी रजबहा में मिले युवक के शव को लेकर थाना पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। किशनी व ऊसराहार थाना पुलिस एक दूसरे क्षेत्र का मामला बताकर मृतक के पिता को चक्कर कटवा रही है। पिता का आरोप है कि किशनी थाना पुलिस ने उसके पुत्र की गुमशुदगी भी दर्ज नहीं की थी।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांगसी रजवाहा में 24 जनवरी को किशनी थाना क्षेत्र के मनिपुरा गांव निवासी शशिकपूर पुत्र मोहर सिंह यादव का शव मिला था। मोहर सिंह ने बताया कि उनका बेटा 17 जनवरी को चौबिया थाना क्षेत्र के गंगापुरा गांव निवासी अपने रिश्तेदार के साथ गया था। उसके बाद से उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान ऊसराहार थाना पुलिस ने 24 जनवरी को चंदपुरा गांव के पास गांगसी रजवाहा से युवक का शव बरामद किया। लेकिन तीन दिनों तक शिनाख्त न होने के बाद 27 जनवरी को पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
पिता ने बताया कि युवक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होना दर्शाई गई है। सोशल मीडिया पर अपलोड फोटो से परिजनों ने उसकी शिनाख्त शशि कपूर के तौर पर की।
मोहर सिंह ने बताया कि उसने पुत्र के लापता होने की तहरीर मैनपुरी जिले के किशनी थाना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने की बजाय उसे भगा दिया था। अब शव के मिलने के बाद ऊसराहार थाना पुलिस भी उसकी सुनवाई नहीं कर रही।
इस संबंध में ऊसराहार थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किशनी थाना क्षेत्र में पहले तो गुमशुदगी नहीं दर्ज हुई। मृतक के परिजनों ने किशनी थाना में ही तहरीर दी थी। ऐसे में यह किशनी थाना क्षेत्र का ही मामला बनता है। इस मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।