इटावा। नव वर्ष के दूसरे दिन भी सर्दी का प्रकोप जारी रहा। बादलों की आवाजाही ने किसानों को चिंता में डाल दिया। सुबह से ही कोहरे के बीच गिरती फुहारों से लोग कंपकपांते दिखाई दिए। मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों में हल्की धूप रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते दिनों की अपेक्षा कोहरे से राहत देखने को मिली लेकिन गलन ने परेशान किया।
जैसे-जैसे दिसंबर का महीना बीता वैसे-वैसे सर्दी का कहर बढ़ता चला गया। बीते 10 दिनों से जिले का तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस के आसपास है। चार बार जिला प्रदेश में सबसे ठंडा रहा था। मौसम विभाग ने नववर्ष की शुरूआत में ही हल्की बारिश और कड़ाके की सर्दी की संभावना जताई थी।
हालांकि एक जनवरी को जिले में बारिश नहीं हुई लेकिन मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में हल्की धूप निकलने की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि अब रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इसके चलते सर्दी और बढ़ेगी। शनिवार दोपहर हल्की धूप निकल सकती है लेकिन यह धूप राहत भरी नहीं होगी। लोगों को सर्दी से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम कर लेने चाहिए।