इटावा। फील्ड एंड टार्गेट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उत्तराखंड में हुई राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में जिले की एससीए शूटिंग अकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
रामनगर, ढेला रेंज उत्तराखंड में 30 व 31 मई को हुई इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित देश के कई राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता में 18 मीटर क्रॉसबो शूटिंग स्पर्धा में अंडर-10 बालक वर्ग में सूर्य ने कांस्य पदक जीता वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में समृद्धि ने स्वर्ण पदक व प्रियांशी ने रजत पदक हासिल किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में युवराज यादव ने स्वर्ण पदक, साहिल ने रजत पदक, अमरेश ने रजत पदक, अभिषेक ने रजत पदक व सरन ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में स्पर्शिका ने रजत पदक अपने नाम किया। मिक्स टीम स्पर्धा में आंजल श्रीवास्तव ने रजत पदक प्राप्त किया।
वहीं सीनियर वर्ग में विशाल सिंह ने कांस्य पदक व मास्टर्स वर्ग में डॉ. गंगा सिंह ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में एससीए शूटिंग अकेडमी के खिलाड़ियों का अगले माह यूरोप के चेक रिपब्लिक में आयोजित होने वाली वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ। कोच चंद्रमोहन तिवारी ने बताया कि अकेडमी के खिलाड़ी न केवल क्रॉसबो शूटिंग बल्कि राइफल एवं पिस्टल शूटिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।