मानिकपुर विसू में मंगलवार को ईंट से कूंच कर मारे गए युवक की शिनाख्त हो गई। कोतवाली क्षेत्र के कटरा बल सिंह मोहल्ला निवासी युवक बस स्टैंड के पास चाट पकौड़े का ठेला लगाता था। परिजनों ने कुछ लड़कों के नाम बताए हैं, पुलिस उनकी धरपकड़ के प्रयास में लगी है।
थाना क्षेत्र के मानिकपुर विसू गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ऑटो सवार युवकों ने साथ में आए युवक की बीयर की बोतल और ईंट से कूंच कर हत्या कर दी थी।
मृतक की शिनाख्त न होने से गांव के प्रधान जयचंद्र पुत्र बलवंत ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
बुधवार को खबर प्रकाशित होने पर कोतवाली क्षेत्र के कटरा बल सिंह मोहल्ला निवासी मृतक के भाई कप्तान सिंह ने मोर्चरी पहुंच कर शव की शिनाख्त सौरभ (21) पुत्र अरविंद कुमार के तौर पर की।
उसने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 23 जून को सुबह करीब 11 बजे उसका भाई सौरभ बगैर बताए घर से कहीं चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला था।
बुधवार सुबह जब समाचार पत्रों में अज्ञात युवक की हत्या की खबर देखी तो मोर्चरी जाकर शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शव के घर पहुंचने पर रोना पिटना मच गया।
गमगीन पिता अरविंद ने बताया कि वह उसके बेटे बस स्टैंड पर चाट का ठेला लगाते हैं। उसके बेटे को किन कारणों से मारा गया।
उन्हें कुछ पता नहीं है। सौरभ अविवाहिता था। शेष दो बेटों में सबसे बड़े बेटे कप्तान सिंह की शादी हो चुकी है। एक बेटा और बेटी अभी अविवाहित हैं। सभी भाई चाट के ठेले पर ही काम करते हैं।
हालांकि मामले के खुलासा में जुटे एसओजी प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में कुछ लड़कों पर शक जाहिर किया है। पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी है। अभी कोई पकड़ा नहीं गया है।
मृतक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जानकारी जुटाने के प्रयास चल रहे हैं। संदिग्धों के हिरासत में आने पर मामला खुलने की संभावना है। थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि युवक की हत्या क्यों की गई। पुलिस जांच में जुटी है।