-भरेह थाना क्षेत्र के कांयछी गांव में 21 मई को किशोर का मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। भरेह थाना क्षेत्र के कांयछी गांव के किशोर का शव 10 दिन पहले संदिग्ध हालात में पेड़ पर लटका मिलने के मामले में एसएसपी ने जांच सिविल लाइंस पुलिस को सौंप दी है। अब पुलिस इस पूरे प्रकरण की हत्या के एंगल से भी गहन जांच करेगी। मामले में परिजनों ने शुरू से ही आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था।
कांयछी गांव निवासी आदर्श भदौरिया (21), 19 मई को लापता हो गया था। 21मई को उसका शव गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
घटना के बाद से ही परिजन पुलिस की प्रारंभिक जांच से संतुष्ट नहीं थे और लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। मृतक के पिता केवल सिंह भदौरिया उर्फ धन्नू के अनुसार घटना के बाद उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी।
उनका कहना था कि उनका बेटा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था। उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर संदेह भी जताया था और कहा था कि बेटे के लापता होने से पहले कुछ विवाद की स्थिति बनी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आदर्श की हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया।
परिजनों का कहना है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसएसपी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके बाद एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले की समीक्षा की और जांच को दूसरे थाने की पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया। अब सिविल लाइंस पुलिस पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर भी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ेगी। परिजनों को उम्मीद है कि नई जांच टीम मामले की तह तक पहुंचकर सच्चाई सामने लाएगी। इसके बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।