पुलिस लाइन के मीटिंग हाल में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में सात जोड़ों ने आपसी गिले-शिकवों को भूलाकर एक-दूसरे का फिर से हाथ थाम लिया। इस दौरान जोड़ों ने एक-दूसरे का मुंह भी मीठा कराया।
रविवार को पुलिस लाइन मीटिंग हाल में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। इस मौके पर 70 पत्रावलियों को पेश किया गया। इसमें से सात परिवारों को मिलाने का काम परिवार परामर्श केंद्र ने किया।
संध्या देवी पुत्री रूकुम सिंंह निवासी इतवारीपुर थाना इकदिल का अपने पति एकेंद्र कुमार पुत्र सुघर सिंह निवासी मड़ैया कांशीराम थाना इकदिल के साथ विवाद चल रहा था। परिवार परामर्श केंद्र ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर समझौता कराया। दोनों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
इसी प्रकार प्रीती यादव पुत्री कायम सिंह निवासी अशोकनगर का पति सुनील कुमार पुत्र स्व. रामवीर सिंह के साथ विवाद बातचीत से सुलझाया गया। इसके बाद दोनों साथ रहने को राजी हो गए। इसी प्रकार पांच अन्य पति-पत्नी के मामलों में सुलह-समझौते से बात बन गई। इन सभी के घर टूटने से बच गए।
परिवार परामर्श केंद्र में छह पत्रावलियों में अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए गए। 55 मामलों में कोई हल नहीं निकल सका। उनके लिए अग्रिम तिथि 19 जुलाई की नियत की गई है।
इस मौके पर परिवार परामर्श केंद्र के सदस्य शिवराज क्षेत्राधिकारीनगर, महिला थानाध्यक्ष विनीता सारथी, अरविंद कुमार तिवारी महिला कल्याण समिति, प्रहलाद सिंह रिटायर्ड क्षेत्राधिकारी, ऊषा अरविंद रिटायर्ड न्यायिक मजिस्ट्रेट, ममता यादव एडवोकेट, मुशिफुर्रहमान रिटायर्ड न्यायिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।