थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में शौच के लिए गए वृद्ध की खेत पर ही मौत हो गई। यह सूचना मिलते ही परिजनों के साथ ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। इन्हीं के साथ दौड़ रही एक बालिका को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में एक साथ हुई दो मौतों से कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक्सीडेंट करके भाग रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। चालक भाग निकला।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी प्रहलाद सिंह बहेलिया (70) की काफी दिनों से तबियत खराब चल रही थी। शनिवार की रात करीब दो बजे वह घर से शौच के लिए खेतों की ओर निकले थे। सुबह परिजनों ने खोजबीन की तो उनका शव खेत में पड़ा मिला।
प्रहलाद का शव खेत में पड़े होने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के पीछे-पीछे गांव के ही सुनील की तीन वर्षीय बेटी राधिका भी खेताें की ओर चल दी। सड़क को पार करते समय भरथना की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को लेकर भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे घेर लिया। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। इस बीच चालक वहां से भाग निकला।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं प्रहलाद के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। एक साथ हुई दो मौतों से पूरे गांव में कोहराम मच गया। लोग प्रहलाद के घर के अलावा सुनील के घर भी सांत्वना देने के लिए पहुंचे।