इटावा। संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की व्यथा कथा की तरह सुनीं और उन्हें आश्वासन का प्रसाद देकर लौटा दिया। सभी छह तहसीलों में 173 शिकायतें आईं, जिसमें केवल सात का ही मौके पर निस्तारण किय गया। सदर तहसील में हुए मुख्य समाधान दिवस में डीएम नहीं पहुंचीं तो सीडीओ संतोष कुमार राय ने शिकायतें सुनीं।
राहुल सिंह निवासी रतनपुर ने मुहल्ले के कई घरों के किनारे तार झूल रहे हैं, इन तारों के लिए खंभे लगवाए जाएं। ग्राम प्रधान पृथ्वीपुर भौनकपुर निवासी अनिल कुमार ने तालाब से कब्जा हटवाकर अमृत सरोवर का निर्माण कराने, सीता देवी निवासी मौजा अगूपुर गोपालपुर ने भूमि की पैमाइस कराकर कब्जा दिलानेे, कृष्ण विहारी व हर्षनगर के अन्य लोगों ने सरकारी भूमि से कब्जा हटवाने की शिकायत की। ज्ञान चंद्र निवासी खेड़ा हलू ने भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
संवाद प्रतिनिधि भरथना के अनुसार एसडीएम विजय शंकर तिवारी ने शिकायतें सुनीं। 15 में केवल एक शिकायत का ही निस्तारण हो सका। गांव साम्हो के सर्वेश कुमार, वीर प्रताप,हरिशंकर, गोपाल,रामजी लाल, मुन्नी लाल,ईश्वर दयाल, प्रभु दयाल ने लेखपाल पर खाद के गड्ढे के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया। गांव कनढैया कुंडरिया के देवेंद्र कुमार ने भी क्षेत्रीय लेखपाल पर अभिलेखों में उनकी जगह भाई-भतीजों के नाम अंकित करने की शिकायत की।
संवाद प्रतिनिधि चकरनगर के अनुसार 26 शिकायतों में केवल तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। उप जिला अधिकारी चकरनगर मलखान सिंह, तहसीलदार मोनालिसा, नायब तहसीलदार संदीप सिंह मौजूद रहे।
संवाद प्रतिनिधि ताखा के अनुसार एसडीएम कौशल कुमार ने शिकायतें सुनीं। 25 में तीन शिकायतें मौके पर निपटीं। नगरिया खनाबांध के ग्राम प्रधान संजीव कश्यप ने एक ग्रामीण को अनुचित तरीके से प्रधानमंत्री आवास देेने की शिकायत की। आरोप लगाया कि खुली बैठक में ग्रामीण को आवास देने का विरोध किया गया था, इसके बावजूद पंचायत सचिव ने आवास आवंटित कर दिया। 25 शिकायतों में केवल तीन का ही मौके पर निस्तारण हो पाया।
संवाद प्रतिनिधि जसवंतनगर के अनुसार 25 में एक भी शिकायत मौके पर नहीं निपटी। नगला तौर के सुरेंद्र प्रकाश पाठक ने उनके मकान पर कब्जा हटवाने की मांग की। मानिकपुर वीवामऊ के रमेश चंद्र ने शिकायत की कि उनके खेत को विपक्षी ने जोत लिया है। ग्राम कुरसेना के लज्जाराम ने शिकायत की है कि उनका हैंडपंप बालू दे रहा है। उसे ठीक किया जाए। संवाद प्रतिनिधि सैफई के अनुसार छह फरियादी अधिकारी के इंतजार में समय काटते रहे।
सांसद ने बांटे पीड़ितों को चेक
भरथना तहसील के समाधान दिवस में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया ने मंडी सचिव अनिल कुमार की मौजूदगी में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत नगला भोज गांव मान सिंह को 75 हजार रुपये का चेक दिया। मुख्यमंत्री खेत खलियान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना के तहत गेहूं की फसल में आग लगने पर 48 पीड़ितों को अलग-अलग सहायता राशि के चेक दिए। मंडी सचिव ने बताया कि क्षेत्र अंतर्गत 48 पीड़ितों तीन लाख छह हजार 330 रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए हैं।
पीड़ित को सहायता धनराशि की चैक वितरित करते सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया। संवाद- फोटो : ETAWAH
सैफई तहसील में समस्या सुनतीं एसडीएम ज्योत्सना बंधु। संवाद- फोटो : ETAWAH