चकरनगर। झगड़े के बाद सगे भाइयों ने रात में गांव के एक व्यक्ति के छप्पर में आग लगा दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सहसों थाना के गांव रानीपुरा में रविवार दोपहर सरसों काट कर आ रही काजल दोहरे व उनके देवर प्रखर को गांव के ही सगे भाई निखिल और अंश ने रास्ते में घेरकर पीट दिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के पिता राजेश को पकड़ लिया। गुस्साए आरोपियों ने शाम को शराब के नशे में पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। गांव के लोगों ने समझा कर मामले को शांत कराया। तड़के करीब तीन बजे अचानक छप्पर में आग लगने से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित परिजनों ने कपड़े, बर्तन सहित अन्य सामान जलने की बात कही है। थाना प्रभारी रण बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।