इटावा। जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार सुबह से ही जिले के कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों के दौरान भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। मंगलवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस बीच सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंडी हवाओं के कारण दिन भर मौसम सुहावना बना रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि मंगलवार को भी मौसम में नमी देखने को मिलेगी और अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान हल्की धूप के साथ तेज हवाएं चलेंगी और बादलों की आवाजाही के साथ स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।