सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के घर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को तिलक लेकर पहुंचे। लालू और उनके साथ आए परिवारीजनों व मेहमानों की अगवानी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, मंत्री शिवपाल सिंह यादव के साथ परिवार के अन्य लोगों ने की।
सभी मेहमानों को राजसी व्यवस्था के बीच ठहराया गया। पीएम मोदी 21 फरवरी की सुबह सवा दस बजे सैफई पहुंचेंगे। तिलकोत्सव में सवा लाख मेहमानों की उम्मीद है। मैनपुरी के सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी से 26 फरवरी को दिल्ली में होनी है।
21 फरवरी शनिवार को सपा मुखिया के पैतृक गांव सैफई में तिलकोत्सव कार्यक्रम है। परंपरानुसार लालू प्रसाद यादव शुक्रवार की शाम करीब पौने पांच बजे लगभग डेढ़ हजार मेहमानों के साथ बस और कारों के काफिले के साथ सैफई पहुंचे। बिहार से भी भारी संख्या में मेहमान व राजद पदाधिकारी सुबह से ही सैफई में पहुंचने लगे थे।
कार्यक्रम में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री नारायन दत्त तिवारी, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, उद्योग अनिल अंबानी सहित देशभर के नामचीन राजनेता व बॉलीवुड कलाकार से लेकर कारपोरेट जगह की हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार के अधिकांश मंत्री मौजूद रहेंगे। वीवीआईपी मेहमानों को लेकर चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस के साथ ही प्रधानमंत्री की मौजूदगी होने के कारण एसपीजी सुरक्षा घेरा भी रहेगा।
बिहारपुरम में रुके लालू
लालू प्रसाद समेत अन्य परिवारीजनों के ठहरने की व्यवस्ता एथलेटिक्स स्टेडियम स्थित गेस्ट हाउस में की गई है। एथलेटिक्स स्टेडियम परिसर में विशेष कॉटेज बनाए गए हैं, जिनमें मेहमानों के रुकने का बंदोबस्त किया गया है। जिस जगह पर लालू सहित बिहार से आने वाले मेहमानों को ठहराया गया है, उस जगह का नाम बिहारपुरम रखा गया है।