फोटो 08:: किशोरी की मौत के बाद जिला अस्पताल में बिलखते परिजन। संवाद
इटावा। आईटीआई चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंगहोम में शनिवार शाम एक किशोरी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि बुखार आने पर उसे भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद नर्सिंगहोम के कर्मचारियों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया। परिजन किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इकदिल थाना क्षेत्र के छोटी फूफई निवासी सौरव ने बताया कि उसकी छोटी बहन आरती (15) को बुखार आने पर शनिवार शाम आईटीआई चौराहा के पास स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। वहां उसे बोतल चढ़ाई गई। सौरव का आरोप है कि कुछ देर बाद बहन को घबराहट होने लगी और उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल वालों ने बोतल निकाल दी और दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा।
आरती के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया कि नर्सिंगहोम में इलाज के नाम पर उनसे पहले ही छह से सात हजार रुपये ले लिए गए थे। बेटी की हालत बिगड़ने पर शुरुआत में अस्पताल की ओर से थोड़ी परेशानी होने की बात कही गई, लेकिन बाद में उसे दूसरे अस्पताल ले जाने को कह दिया गया।
परिजन आरती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। डिप्टी सीएमओ अमित दीक्षित ने बताया कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।