लवेदी। बकेवर और लवेदी थाना क्षेत्र से पिछले कुछ माहों से तीन लोग लापता हो गए, लेकिन अभी तक पुलिस को इनका कोई सुराग नहीं लगा। इन लापता लोगों में एक लखना कस्बे के बिजली विभाग का कैशियर का पुत्र, युवक और लवेदी क्षेत्र का दिव्यांग शामिल है।
कस्बा लखना के मुहाल कहारान निवासी बिजली विभाग के कैशियर गिरजेश बाबू का 12 वर्षीय पुत्र सोम 29 जून 2021 को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। जिसकी परिजनों ने गुमशुदगी थाना बकेवर में दर्ज कराई थी।
आज तक बालक का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। इसी मोहल्ले के दो लोगों ने फर्जी तरीके से फिरौती के पोस्टर भी गाड़ी और घर पर चस्पा कर दिए थे, जिन्हें क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका था।
इसी तरह मुहाल दीक्षितान निवासी प्रेमनरायण दीक्षित का 20 वर्षीय पुत्र अमन दीक्षित भी 4 दिसंबर 2021 को अचानक घर से लापता हो गया। इसकी भी गुमशुदगी थाना बकेवर में दर्ज कराई गई, लेकिन इसका भी कोई सुराग नहीं लग पाया।
लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुराघार से दिवाली की भइया दूज को अपनी बहिनों से तिलक कराकर यमुना किनारे अपने खेतों पर बाजरा की फसल की जंगली व अन्ना जानवरों से रखवाली करने घर से आया दिव्यांग ऊधम सिंह (19) अचानक लापता हो गया था।
पिता जबर सिंह ने पहले यमुना के किनारे शौच को जाने पर डूबने की आशंका जताई। लवेदी थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने प्राइवेट और पीएसी के गोताखोरों को बुलाकर काफी खोजबीन कराई।
यहां तक की औरैया जनपद के बार्डर तक नाव से खोजबीन की गई, लेकिन उसका भी आज तक कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद भाई उदयवीर सिंह ने जंगल की भी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
तीनों अपहृतों के अब तो इनकी राह ताकते-ताकते आंसू तक सूख गए हैं। इस संबंध में सीओ भरथना साधुराम ने बताया कि इन लापता लोगों के लिए क्राइम ब्रांच व पुलिस टीमें लगी हुई हैं। शीघ्र पता कर लिया जाएगा।