ऊसराहार में बाइक सवार लुटेरों ने सोमवार को शिक्षक दंपति को मारपीट कर लूट लिया। विरोध करने पर शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र की है। शिक्षक दंपति इटावा के रहने वाले हैं।
कस्बा निवासी दीपक गुप्ता पुत्र महेश चंद्र शिक्षामित्र हैं। उनकी पत्नी प्रीती गुप्ता कन्नौज जनपद के सौरिख ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मलिकंठपुर में सहायक अध्यापिका के पद पर हैं। सोमवार को दीपक पत्नी प्रीती को बैठाकर स्कूटी से दोपहर लगभग 3 बजे घर आ रहे थे।
लोहिया पथ के ऊसराहार सौरिख मार्ग पर लोह टिकुरिया और हसनपुर थाना सौरिख जनपद कन्नौज के बीच असलहाधारी बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने प्रीती गुप्ता से कानों के कुंडल, मंगलसूत्र, अंगूठी और मोबाइल और दीपक से दस हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर एक लुटेरे ने दीपक को गोली मार दी और फरार हो गए।
गोली दीपक के पेट में जा धंसी। घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल दीपक को इटावा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है।