प्राथमिक विद्यालय शांति कालोनी में लटका ताला।
- फोटो : अमर उजाला
बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की हड़ताल से बुधवार को स्कूलों में शिक्षण कार्य ठप रहा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश लेकर तालाबंदी की। जिले से बड़ी तादाद में शिक्षक लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन में भाग लेने चले गए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर लखनऊ में आज शिक्षकों का धरना प्रदर्शन प्रस्तावित था। संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने सभी शिक्षकों से सामूहिक अवकाश लेकर विद्यालयों में तालाबंदी कर लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया था।
इस आह्वान का जिले में खासा असर दिखाई दिया। शहर एवं जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में तालाबंदी रही। शिक्षक पूरी तरह से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रहे। बेसिक शिक्षा परिषद ने भी हड़ताल को देखते हुए 16 मार्च को होने वाली परिषदीय परीक्षा टाल दी थी। अब आज होने वाली परीक्षा 21 मार्च को होगी।
उधर, चकरनगर में शिक्षकों की हड़ताल का मिलाजुला असर देखने को मिला। शिक्षामित्र से अध्यापक बने अध्यापकों ने किया काम जबकि पुराने अध्यापक हड़ताल पर रहे। इसी प्रकार भरथना, महेवा, बसरेहर, ताखा, जसवंतनगर एवं सैफई में अधिकांश विद्यालयों में तालाबंदी रही।