जसवंतनगर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से डीजल टैंकर के हेल्पर मनीष वर्मा (28) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
टैंकर चालक विकास शुक्ला ने बताया कि वे अकबरपुर माती से रसूल फिलिंग स्टेशन जा रहे थे। फुलरई के पास टैंकर खड़ा कर चालक और हेल्पर खाना खाने एक होटल गए। खाना खाकर लौटते समय हाईवे पार करते हुए इटावा की ओर से आ रही कार ने मनीष को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर से मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि विकास शुक्ला बच गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र ने परीक्षण के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मनीष के परिजन शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मां राजरानी वर्मा, पिता अशोक वर्मा और बड़े भाई आजाद वर्मा का बुरा हाल था। मनीष अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।