फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: लड़खड़ाई व्यवस्था... बूथों पर शिक्षकों की ड्यूटी, स्कूलों में बच्चों का इम्तिहान

Tue, 17 Nov 2026 11:06 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
विज्ञापन
फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद
विज्ञापन
इटावा। जिले के 1447 परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हो गई। परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब एक लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण कराया गया था। पहले ही दिन परीक्षा और मतदाता सूची आलेख्य प्रकाशन की दोहरी जिम्मेदारी का असर दिखाई दिया।
विज्ञापन

परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर और जनगणना कार्य में लगाए जाने से कई विद्यालयों में परीक्षा व्यवस्था लड़खड़ाती नजर आई। कहीं बच्चों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ी तो कहीं एक शिक्षक को कई कक्षाओं की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। दूसरी ओर मतदाता सूची के आलेख प्रकाशन के दिन कई बूथों पर बीएलओ की अनुपस्थिति और मतदाताओं की कम संख्या भी चर्चा का विषय रही। पहले दिन कक्षा दो में गणित की परीक्षा कराई गई।
कक्षा तीन में प्रथम पाली में गणित और द्वितीय पाली में संस्कृत व उर्दू का पेपर हुआ। कक्षा चार और पांच में हिंदी तथा दूसरी पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा हुई। कक्षा छह में भी प्रथम पाली में हिंदी और दूसरी पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा हुई। वहीं कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों ने पहली पाली में विज्ञान तथा दूसरी पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा दी।
विज्ञापन

-
केस- एक
एक शिक्षक के जिम्मे तीन कमरे
जसवंतनगर। पीएम कंपोजिट विद्यालय में शिक्षकों की कमी का असर परीक्षा पर दिखाई दिया। विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक 14 अध्यापक तैनात हैं, लेकिन इनमें से नौ की ड्यूटी बीएलओ और जनगणना कार्य में लगा दी गई है। ऐसे में शेष शिक्षकों के सामने परीक्षा संपन्न कराने की चुनौती रही। विद्यालय में 414 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें से सोमवार को 350 ने परीक्षा दी। शिक्षकों की कमी के चलते एक-एक शिक्षक को तीन-तीन कमरों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। वहीं प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में बच्चे जमीन पर बैठकर परीक्षा देते नजर आए। प्रधानाध्यापक रिजवाना प्रवीन ने बताया कि फर्नीचर की व्यवस्था के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। (संवाद)
-
केस- दो
सिरसापार में 82 में से 40 बच्चे परीक्षा से रहे वंचित
चकरनगर। ब्लॉक के सिरसापार गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहले दिन आधे से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। विद्यालय में कुल 82 विद्यार्थियों का पंजीकरण है, लेकिन मंगलवार को महज 42 बच्चे ही परीक्षा में शामिल हुए। शेष 40 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक रवि सेंगर ने बताया कि परीक्षा की सूचना देने के लिए कई बच्चों को फोन किया गया था, लेकिन कई विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को परीक्षा की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से वे विद्यालय नहीं पहुंचे। (संवाद)
-
केस-तीन
कहीं लापरवाही तो कहीं संभाली गई व्यवस्था
लवेदी। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चिंडौली में एसआईआर अभियान के दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। विद्यालय में चार शिक्षक तैनात हैं, लेकिन मौके पर दो शिक्षक अनुपस्थित मिले। मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगा था, जबकि विद्यालय के अंदर बच्चे परीक्षा दे रहे थे। विद्यालय परिसर में ही आलेख्य प्रकाशन का काम चल रहा था, लेकिन गेट बंद होने से ग्रामीण मतदाता सूची का अवलोकन नहीं कर सके। दूसरी ओर उच्च प्राथमिक विद्यालय चिंडौली में तीन शिक्षकों में से दो अनुपस्थित रहे। एक शिक्षक जनगणना प्रशिक्षण और दूसरे अवकाश पर थे। ऐसे में बीएलओ मुकेश कुमार ने 42 बच्चों की दो कक्षाओं में परीक्षा कराई। साथ ही ग्रामीणों को मतदाता सूची दिखाकर नाम और विवरण में संशोधन की जानकारी दी। (संवाद)

मतदाता सूची में पिता की जगह चढ़ा माता का नाम
इटावा/ताखा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मंगलवार को आलेख मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इसके बाद जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सूची के अवलोकन के दौरान कई तरह की खामियां सामने आईं।
जीजीआईसी में पांच बूथ बनाए गए हैं। बूथ पर दोपहर 12 बजे तक सिर्फ 8-10 लोग ही पहुंचे थे, यहां मौजूद बीएलओ अजय प्रताप सिंह मतदाताओं को फोन करके सूची देखने के लिए बुलाते हुए नजर आए। दोपहर में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ताखा क्षेत्र के ऊसराहार स्थित बूथ संख्या 392 की मतदाता सूची में चार मतदाताओं के पिता के नाम के स्थान पर माता का नाम दर्ज मिला। मतदाता विशाल गुप्ता के पिता के नाम की जगह माता सुधा का नाम दर्ज था। इसी तरह निशा के पिता के नाम के स्थान पर माता ऊषा का नाम अंकित मिला। एसडीएम विजय प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रकाशन के बाद जो कमियां मिली हैं उन्हें फार्म-8 भरकर भेजा जाएगा।
जसवंतनगर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय के बूथ 79 से 85 पर बीएलओ समय से नहीं पहुंचे। रहमान खान ने बताया कि उनके परिवार के आठ वोट अलग-अलग क्रमांकों पर दर्ज हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के बूथ 75 से 77 पर भी बीएलओ के न पहुंचने की शिकायत रही। सभासद शेष कुमार यादव दोपहर 12 बजे तक इंतजार करते रहे। भरथना के कन्या प्राथमिक विद्यालय में बूथ 26 पर महिला मतदाता का जेंडर गलत दर्ज मिला।
बीएलओ कीर्ति ने सुधार का प्रपत्र भरवाया। सरैया गांव में बूथ 18 पर गलत फोटो सुधारने के लिए बीएलओ रेशमा देवी ने प्रपत्र भरवाया। (संवाद)
-
सभी बूथों पर लगातार अधिकारियों की ओर से निरीक्षण किया गया, अधिकांश बूथों पर बहुत ही कम संख्या में मतदाता सूची देखने पहुंचे। मतदाताओं से अपील इन प्रक्रियाओं में भाग लें, ताकि जो भी इससे जुड़ी समस्याएं उनका समय रहता समाधान कराया जा सके।
-मनोज कुमार पाठक, एसडीएम सदर

परिषदीय स्कूलों में परीक्षा सही ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी को निर्देशित किया गया था। यह सही है कि मतदान से जुड़े कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सीमित संसाधनों में सही और उचित ढंग से परीक्षा करवाई जाए, इसके लिए निर्देशित करेंगे। साथ ही अधिकारियों की ओर से लगातार भ्रमण भी करवाया जा रहा है।
-शिवेंद्र कुमार सिंह, एडी बेसिक, कानपुर

फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद

फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद

फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद

फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद

फोटो 12:: प्राथमिक विद्यालय तृतीय जसवंतनगर में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते बच्चे। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें