प्रवक्ताओं के सामने विरोध प्रकट करते छात्र छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
परीक्षा का शेड्यूल बदले जाने से नाराज कृषि इंजीनियरिंग छात्रों ने सोमवार को दोबारा कालेज में तालाबंदी कर दी। छात्र परीक्षा का शेड्यूल पूर्ववत रखने की मांग पर अड़े हैं। नवागत डीन हरिश्चंद्र सिंह ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वह फैकल्टी स्टाफ के साथ जल्द ही कुलपति से मुलाकात करेंगे। इसके बाद छात्र प्रैक्टीकल देने को तैयार हो गए।
नगर स्थित कृषि इंजीनियरिंग कालेज के 650 छात्र-छात्राएं चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय स्तर से परीक्षा की समय सारणी में बदलाव होने से छात्र नाराज हैं। कालेज के परीक्षा शेड्यूल में एक दिन में एक पारी में परीक्षा का प्रावधान किया गया था। जबकि यूनीवर्सिटी रजिस्ट्रार ने इसे बदल कर एक दिन में दो पारियों में परीक्षा कर दी। छात्रों का कहना है कि दो पारियों में परीक्षा देने के बाद अगले दिन फिर पेपर देने में परेशानी होगी। विरोध में छात्र गत शनिवार को भी कालेज में तालाबंदी कर चुके हैं। सोमवार सुबह 8 बजे ही छात्र-छात्राएं अकादमिक भवन के गेट पर पहुंचे और ताला डाल दिया। इसके अलावा लाइब्रेरी में भी तालाबंदी कर दी। नए अधिष्ठाता (डीन) व कालेज फैकल्टी स्टाफ को इसकी जानकारी हुई तो वह छात्रों के पास गए। डीन हरिश्चंद्र सिंह ने छात्रों को समझाया कि वह 9 दिसंबर तक चलने वाले प्रैक्टीकल दें। परीक्षा 11 दिसंबर से शुरू होगी। इससे पूर्व यूनीवर्सिटी कुलपति, रजिस्ट्रार राजेंद्र सिंह से इस संबंध में बात की जाएगी। कुलपति ने समस्या के समाधान का भरोसा भी दिया है। इसके बाद छात्र मान गए और ताले खोल दिए।