भरथना में बैंक प्रबंधक ताला डाल भागे
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला मोतीगंज में पूर्वांचल बैंक की शाखा में कैश न होने के कारण शाखा प्रबंधक ताला लगाकर चले गए। वहीं कैश खत्म होने से नाराज ग्राहकों ने पूर्वांचल बैंक निबाड़ीकला की शाखा में ताला डालकर विरोध प्रकट किया।
मोतीगंज स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक में सोमवार सुबह खजाने में रुपया न होने के कारण ग्रामीण उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके कारण शाखा प्रबंधक थोड़ी देर बाद बैंक में ताला लगा कर मौके से नदारद हुए। वहीं मौके पर कैश लेने आईं ग्राम कुंअरा की सरिता देवी बैंक बंद होने से निराश दिखीं। ग्राम मोछी निवासिनी कमला देवी ने बताया कि वह पेंशन लेने आईं थीं। बैंक में तो पहले से ही ताला पड़ा है। शाखा प्रबंधक एसएस गुप्ता ने बताया कि बैंक में कैश होने के कारण बैक बंद करना पड़ा।
उधर निबाड़ीकला प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक निबाड़ीकला में देर शाम ग्राहकों का सब्र टूट गया। ग्रामीणों को कैश न होने का बहाना बनाकर लौट जाना पड़ता था। इस कारण सोमवार को ग्रामीणों ने बैंक के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। जिससे बैंक में कुछ ग्राहक और समस्त स्टाफ अंदर ही कैद हो गया। बैंक कर्मचारियों ने बाहर निकलने की बहुत गुहार लगाई लेकिन उग्र भीड़ ने एक न सुनी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अहेरीपुर मनोज परमार, आरक्षी अशोक यादव ने लोगों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों बताया कि बैंक में कैश बांटने में दलालों का रोल है। आधा कैश ग्राहकों को बांटा जाता है, जबकि आधा कैश दलालों के माध्यम से बांटा जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बैंक में सीसीटीवी केमरा लगवाने की मांग की है। वहीं शाखा प्रबंधक ने कहा कि जितना कैश आता है वितरित किया जाता है। आरोप गलत हैं।